साहेबगंज: झारखंड के साहिबगंज में मंगलवार सुबह एक बड़े रेल हादसे में 3 लोगों की मौत और कई अन्य के घायल हो गये है. प्राप्त जानकारी अनुसार साहिबगंज में दो मालगाड़ियों की भीषण टक्कर हो गयी, जिसमें हादसे में दो लोको पायलट समेत तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है. घायल लोको पायलट ज़ितेंदर कुमार ने बताया कि मालगाड़ियों में हुई टक्कर के कारण इंजन और कोयले से लदी बोगियों में आग लग गयी, जिसे बुझाने का काम अभी भी जारी है. इसके अलावा, दो इंजन पटरी से उतर गए और एक इंजन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
दो लोको पायलट की दर्दनाक मौत: ये पूरी घटना साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र स्थित फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेलवे लाइन पर हुई है, जहां फरक्का की ओर से आ रही खाली मालगाड़ी बरहेट एमटी पर खड़ी थी. जबकि ललमटिया की ओर से जा रही कोयला लदी मालगाड़ी ने इसे जोरदार टक्कर मार दी. घटना मंगलवार सुबह करीब 3.30 बजे की बताई जा रही है. इस हादसे में चार से पांच रेलकर्मी घायल बताए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहेट में चल रहा है. घटना के बाद प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गयी है और एक-एक कड़ी को जोड़कर मामले की छानबीन में जुट गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
मालगाड़ी के इंजन में लगी आग – प्राप्त जानकारी अनुसार साहिबगंज में दो मालगाड़ियों के बीच भीषण टक्कर के बाद एक मालगाड़ी में आग लग गयी, जिसमें कोयला लदा था. फिलहाल रेल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.



