जमशेदपुर : झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस बुधवार (4 जनवरी) को जमशेदपुर आयेंगे. वह यहां साकची स्थित करीम सिटी कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे. सम्मेलन 4 जनवरी से आरंभ हो रहा है. यह जानकारी कॉलेज की मास कॉम विभागाध्यक्ष डॉ नेहा तिवारी ने दी. उन्होंने बताया कि सम्मेलन दोपहर 12 बजे से आरंभ होगा. इसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव राहुल कुमार पुरवार को आमंत्रित किया गया है. डॉ तिवारी ने बताया है कि राष्ट्रीय अंतःविषय सम्मेलन का विषय ‘कृषि और ग्रामीण विकास और आर्थिक विकास में उनकी सहभागिता और हिस्सेदारी’ है. यह आयोजन कॉलेज के वाणिज्य विभाग की ओर से तथा नबार्ड के क्षेत्रीय कार्यालय (रांची) के सौजन्य से किया जा रहा है.




