
रांची : झारखंड के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री बन्ना गुप्ता के सरकारी कोटे से आप्त सचिव प्रभास कुमार दत्ता को हटा दिया गया है. प्रभास कुमार दत्ता झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे. उनको हटाकर झारखंड प्रशासनिक सेवा के ही अधिकारी आसिफ इकराम को फिर से आप्त सचिव बना दिया गया है. आसिफ इकराम पहली बार मंत्री बनने के बाद सरकारी कोटे के आप्त सचिव थे. इसके बाद उनकी जगह मानगो अक्षेस के विशेष पदाधिकारी दीपक सहाय को आप्त सचिव बनाया गया था, जो ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाये और एक बार फिर से उनको हटाकर पवन कुमार को आप्त सचिव बनाया गया. पवन कुमार को फिर से हटाया गया और अब प्रभास दत्ता को बनाया गया था. लेकिन सोमवार को उनको भी हटाये जाने की अधिसूचना जारी कर दी गयी. बताया जाता है कि उनकी जगह आसिफ इकराम को फिर से आप्त सचिव बनाया गया है. आसिफ इकराम अभी अपर समाहर्ता भू हदबंदी रांची के पद पर कार्यरत थे, जिनको फिर से वहां लाया गया है. इससे पहले मंत्री बन्ना गुप्ता के निजी आप्त सचिव गैर सरकारी कोटे के मनोज झा को हटाकर ओमप्रकाश सिंह को गैर सरकारी आप्त सचिव बनाया, जो अब भी उसी पद पर कार्यरत है. दूसरी ओर, राज्य के स्वास्थ्य सचिवों का भी डेढ़ साल में तबादला किया गया है. पहले राज्य के स्वास्थ्य सचिव डॉ नीतिन मदन कुलकर्णी को हटाया गया, जिसके बाद कमल किशोर सोन को स्वास्थ्य सचिव बनाया गया. कुछ दिनों के बाद ही कमल किशोर सोन को हटाकर अरुण कुमार सिंह को स्वास्थ्य सचिव बना दिया गया.














