
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के सिंदरीगौरी पंचायत स्थित बिचाबुरू गांव में सोमवार शाम हाट बंद कराने गयी पुलिस पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडा से हमला कर दिया. इस हमले में दो एएसआई समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी ले जाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया. घायलों मे एएसआई पंकज कुमार, एएसआई जितेंद्र मिश्रा, सिपाही नवीन कुमार सिंह, सिपाही सुभाष डांग, सिपाही रतिलाल सोरेन और सिपाही हरिओम राम शामिल है, वहीं पांच पुलिस कर्मियों ने किसी तरह घटना स्थल से भागकर अपनी जान बचाई. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हाटगम्हारिया में बाजार लगा है. सूचना पाकर दो जीप में सवार होकर 11 पुलिसकर्मी सायरन बजाते हुए मौके पर पहुंचे. सायरन की आवाज सुनकर बाजार में अफरा तफरी मच गई. पुलिस वाहन के धक्के से नशे की हालत में एक युवक घायल हो गया जिसके बाद वहां नशा कर रहे करीब 15-20 लोग आक्रोश में आ गए और पुलिस वालों को घेर लिया और लाठी-डंडा से हमला करने लगे. तब तक करीब 150 लोग वहां जुट गये. सभी ने पुलिस को घेरकर इन पर लाठी डंडा बरसाना शुरू कर दिया, पेट्रोलिंग वाहन पर भी पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया.













