रांची: झारखंड में आसमान से आग बरस रही है. उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में खास कर मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने से तापमान में तीन से चार डिग्री की बढ़ोतरी हो गयी है. मंगलवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान डालटेनगंज का 44.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. वही जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री, रांची 39.0 डिग्री, बोकारो का 40.1 डिग्री और चाईबासा का 43.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. कोल्हान समेत झारखंड के उत्तर पूर्वी तथा दक्षिण पूर्वी भागों में हीटवेव का अलर्ट जारी है. इसे लेकर मौसम विभाग में पूर्वानुमान जारी किया है. पूर्वानुमान अनुसार 23 से 26 अप्रैल तक हीटवेव का अलर्ट जारी है. 23 और 24 को राज्य के गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. वही 25 और 26 अप्रैल को राज्य के संथाल प्रमंडल के देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिले में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों खास कर मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने लगी है. झारखंड, बिहार, यूपी, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा समेत अन्य राज्यों में गर्मी का पारा चढ़ने लगा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सप्ताह तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होगा.



