रांची: झारखंड हाईकोर्ट परिसर में मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना हुई. अधिवक्ता सूरज कुमार का कोर्ट से बाहर निकलते ही अचानक निधन हो गया. वरिष्ठ अधिवक्ता धीरज कुमार ने बताया कि सूरज कुमार रोज की तरह अपने केस की पैरवी करने हाईकोर्ट पहुंचे थे. सुनवाई के बाद जैसे ही वे कोर्ट रूप से बाहर निकले, अचानक मूर्छित होकर गिर पड़े.संयोग से वहां एक डॉक्टर मौजूद थे, जो अपने केस के सिलसिले में आए थे. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने तुरंत सूरज कुमार को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया. इसके बाद जल्दी से गाड़ी की व्यवस्था कर उन्हें पास के पारस अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. उनकी मौत की खबर मिलते ही जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय, जस्टिस अरुण कुमार राय, महाधिवक्ता राजीव रंजन, अपर महाधिवक्ता सचिन कुमार और कई अन्य अधिवक्ता अस्पताल पहुंचे. सूरज कुमार अपने पीछे पत्नी और 2 बेटे छोड़ गए हैं. एक बेटा 11वीं और दूसरा 8वीं कक्षा में पढ़ता है.














