जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत लगभग 200 वर्ष पुराने पम्पू श्मशान घाट की मिट्टी अवैध खनन करने के प्रयास की जानकारी मिलते ही जनता दल यूनाइटेड के पदाधिकारी तुरंत हरकत में आए. बताया गया कि सगीर खान नामक व्यक्ति द्वारा इस ऐतिहासिक श्मशान घाट की जेसीबी से अवैध रूप से मट्टी काट कर खनन करने की कोशिश की जा रही थी. इस गंभीर मामले की जानकारी मिलते ही जमशेदपुर जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रकाश कोया, युवा जिला अध्यक्ष नीरज सिंह एवं मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष नवीन गिरी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली. इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने मुसाबनी थाना प्रभारी से दूरभाष पर पूरे मामले से अवगत कराया और दोषी व्यक्ति के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई की मांग की. इस अवसर पर जनता दल (यू) की टीम ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि पार्टी हर संभव मदद के लिए उनके साथ है और यदि जरूरत पड़ी तो जिला स्तर से लेकर राज्य नेतृत्व तक मामले को उठाया जाएगा.











