रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से 25, 26 और 27 जुलाई को आयोजित होने वाली मुख्य परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है. आयोग ने इस संबंध में आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर अभ्यर्थियों को जानकारी दी है. परीक्षा स्थगित होने की सूचना मिलने के बाद प्रदेश भर के हजारों परीक्षार्थियों के बीच संशय की स्थिति समाप्त हो गई है. जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अपरिहार्य कारणों से 25 से 27 जुलाई के बीच आयोजित होने वाली इस परीक्षा को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है. हालांकि, आयोग ने नई तिथियों की घोषणा अभी नहीं की है. प्रेस रिलीज में कहा गया है कि परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर किया जाएगा. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपडेट के लिए नियमित रूप से जेपीएससी की वेबसाइट देखते रहें. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से छात्र परीक्षा की तिथियों को लेकर असमंजस में थे. कई अभ्यर्थी परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ केंद्रों तक पहुंचने की रणनीति बना रहे थे. अचानक परीक्षा स्थगित होने के निर्णय से परीक्षार्थियों में जहां एक तरफ असमंजस और निराशा देखी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ उन्हें अपनी तैयारी को और मजबूत करने का अतिरिक्त समय मिल गया है. आयोग सूत्रों का कहना है कि प्रशासनिक और तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के बाद जल्द ही नई तिथियों की सूचना जारी की जाएगी, ताकि परीक्षा का आयोजन पारदर्शी और सुचारू रूप से कराया जा सके. हालांकि, इसके कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गयी है.





