रांची : झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के द्वादशा और ब्रह्मभोज संपन्न हुआ. इसमें राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता समेत अन्य लोगों ने हिस्सा लिया. रांची के स्मार्ट सिटी स्थित आवास पर सारे लोग पहुंचे और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की स्वर्गीय पुत्री तृषा सिंह के द्वादशा कार्यक्रम एवं ब्रह्मभोज में शामिल हुए. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. (नीचे भी पढ़े)

दूसरी ओर, झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री स्वर्गीय तृषा सिंह के श्राद्ध कर्म में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता शामिल हुए. दोनों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा स्वर्गीय तृषा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. स्वर्गीय तृषा सिंह का सितंबर में जमशेदपुर के सोनारी स्थित मैरिन ड्राइव में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में असामयिक निधन हो गया था. इस हादसे में तृषा समेत चार लोगों की जान चली गई थी. इस हृदयविदारक घटना के बाद से ही परिवार, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों के बीच गहरा शोक व्याप्त है.




