जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा टाउन हॉल में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में दुर्गापूजा 2026 के मद्देनजर शांति समिति एवं विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी, रूरल एसपी, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, एडीसी, सिविल सर्जन, बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी, अग्निशमन, केन्द्रीय दुर्गा पूजा समिति, शांति समिति के सदस्य, विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि, तथा संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा, विसर्जन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा बुनियादी सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं एवं आवश्यकताओं को रखा. इनमें पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सड़क मरम्मत, पेड़ों की डालियों की छंटाई, पंडालों तक पहुंचने वाले मार्ग, विसर्जन घाटों की तैयारी, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा गोताखोरों की उपलब्धता जैसे विषय प्रमुख रहे. उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि दुर्गापूजा का पर्व जमशेदपुर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है. (नीचे भी पढ़े)

सभी पूजा समितियां जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें और पर्व को आपसी भाईचारे एवं सांप्रदायिक सौहार्द के साथ मनाने में प्रशासन का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. उन्होंने संबंधित विभागों को पूजा पंडालों एवं प्रमुख मार्गों पर जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त करने, आवश्यकतानुसार सड़क मरम्मत एवं पेड़ों की डालियों की छंटाई कराने तथा विसर्जन घाटों पर पर्याप्त प्रकाश, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. घाटों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया. उपायुक्त ने विसर्जन के लिए निर्धारित रूट एवं ट्रैफिक प्लान के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पूजा एवं विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो तथा प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें. सभी पूजा समितियों से वालंटियर्स की प्रतिनियुक्ति एवं प्रशिक्षण पर भी बल दिया ताकि भीड़ प्रबंधन आदि के लिए तैयार रहें. उन्होने कहा कि सफल आयोजन में नागरिकों का सहयोग जरुरी है. उन्होने विधि व्यवस्था के लिए जिलावासियों को सहयोग दिलाया. वरीय पुलिस अधीक्षक श्री ऐहतेशाम वकारिब ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरा से निगरानी, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. (नीचे भी पढ़े)

उन्होने अपील किया कि पूजा समितियां सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा विसर्जन के दौरान निर्धारित रूट एवं यातायात व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित करें. उन्होंने शांति समिति एवं पूजा समितियों से पुलिस-प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की अपील की. अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम द्वारा दुर्गा पूजा के दौरान जिला प्रशासन से अपेक्षित गतिविधियों में प्रगति एवं तैयारियों की जानकारी साझा की गई. बैठक में सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक खबरों एवं अफवाहों पर भी चर्चा की गई. प्रशासन द्वारा अफवाहों की निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष मॉनिटरिंग व्यवस्था की जानकारी दी गई. शांति समिति के सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने की अपील की गई. पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी, प्रवेश एवं निकास द्वार, विद्युत सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर भी जोर दिया गया. जिला प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों द्वारा पर्व के दौरान विभिन्न पूजा पंडालों एवं महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने की बात कही गई. जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से दुर्गापूजा का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की.




