रांची : झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत गंभीर बनी हुई है. उनका इलाज नयी दिल्ली के अपोलो अस्पताल में चल रहा है. इसको लेकर एक बुलेटिन जारी किया गया है, जिसमें बताया गया है कि उनकी स्थिति क्रिटिकल है. उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया है. कई डॉक्टरों की टीम की निगरानी में फ़िलहाल उनका इलाज चल रहा है. दूसरी ओर, उनको देखने के लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री शिल्पा नेहा तिर्की समेत कई लोग अपोलो अस्पताल पहुंचे. वहीं, रामदास सोरेन के बीमार होने के बाद उनके विभागों को दो मंत्रियों के बीच बांट दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
सुदिव्य कुमार को उच्च शिक्षा के साथ ही स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग दे दिया गया है. वहीं, दीपक बिरुआ को उनके विभागों के अलावा निबंधन विभाग, विधि विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गर्वनेंस विभाग का प्रभार दिया गया है. इसके बाद से इन दोनों मंत्रियों को रामदास सोरेन का कामकाज देखने को कहा गया है. वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद रामदास सोरेन के स्वास्थ्य की लगातार जानकारी ले रहे है.



