
रांची : झारखंड की सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में तीन अहम आदेश निकाला गया है. इसके तहत पश्चिमी सिंहभूम जिला में झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से संयोजकी मंडली को भंग करते हुए जिला समिति का गठन किया गया है. नई समिति में केंद्रीय सचिव पद से पदमुक्त करते हुए चक्रधरपुर से विधायक सुखराम उरांव को अध्यक्ष बना दिया गया है. इसके साथ ही पूरी कमेटी घोषित की गयी है, जिसमें इकबाल अहमद, दीपक प्रधान और दिनेश चंद्र महतो को उपाध्यक्ष बनाया गया है. सचिव सोनाराम देवगम और कोषाध्यक्ष सुभाष बनर्जी को चुना गया है. दूसरी ओर, पश्चिम सिंहभूम जिला के पूर्व जिला अध्यक्ष भुवनेश्वर महतो को निलंबनमुक्त कर दिया गया है. भुवनेश्वर महतो को 22 मार्च से निलंबित कर एक संयोजक मंडली गठित कर दी गयी थी. इसके बाद भुवनेश्वर महतो ने 3 अगस्त को एक पत्र पार्टी मुख्यालय को भेजा था, जिसमें उनको निलंबनमुक्त करने की मांग की गयी थी. इस मांग को देखेत हुए यह आदेश निकाला गया है. इधर जेएमएम की केंद्रीय समिति ने ओड़िशा राज्य की नयी कमेटी घोषित कर दी है. गुरुजी शिबू सोरेन की बेटी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन अंजली सोरेन के नेतृत्व में ओड़िशा कमेटी काम करेगी. इसमें प्रदेश कोषाध्यक्ष के पद पर रहे प्रहलाद पूर्ती को उपाध्यक्ष बनाया गया है. प्रह्लाद पूर्ति को प्रदेश कोषाध्यक्ष के पद से पदमुक्त कर दिया गया था. लेथा तिर्की और पद्मलोचन महान्तो को सचिव पद दिया गया है. दुबराज नाग और अमित शर्मा को संगठन सचिव बनाया गया है. रंजीत सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया है. राज्य के प्रवक्ता शिवादी मलिक होंगे. कार्यालय सचिव भागवत माक्षी होंगे. कार्यकारिणी सदस्य में दासो मरांडी, मधुसूदन महतो, रवि महाकुड़, आइजेक तिग्गा, सीपीरियान विलियम कीड़ो, मार्टिन होरो, बाघराय मारण्डी, रामचंद्र हेंब्रोम औऱ् मोहन माझी को बनाया गया है.
















