रांची: झारखंड भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल व सह प्रभारी सौरभ सिंह पांच अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर राजधानी रांची पहुंचेंगे. वहीं सह प्रभारी निवेदिता सिंह चार अक्टूबर को ही बिहार से रांची पहुंचेंगी. साथ ही साथ नए संगठन महामंत्री पवन साय भी चार अक्टूबर को ही रांची आएंगे. वे फिलहाल संथालपरगना के दौरे पर है. नव नियुक्त पदाधिकारियों के आगमन की सूचना के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में तैयारियां शुरू कर दी गयी है. प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल व संगठन महामंत्री पवन साय के दौरे को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक होंगी. जिसमें प्रदेश में संगठन मजबूती समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी. (नीचे भी पढ़े)
साथ ही साथ संगठनात्मक कार्यो और पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा.साथ ही प्रदेश संगठन की गतिविधियों की समीक्षा और आगे की संगठनात्मक रूपरेखा पर भी विचार किया जायेगा.गजेंद्र सिंह पटेल को हाल ही में झारखंड भाजपा का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है, जबकि सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गयी है. पवन साय को झारखंड का नया संगठन महामंत्री बनाया गया है. नवनियुक्त पदाधिकारियों के रांची पहुंचने के साथ प्रदेश भाजपा में नये संगठनात्मक नेतृत्व की गतिविधियां शुरू होंगी. आने वाले दिनों में होने वाली बैठकों में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होने की संभावना है.




