मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा की सेवानिवृत्ति पर शनिवार की शाम को विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. पलामू जिला प्रशासन की ओर से स्थानीय सर्किट हाउस सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में पलामू जिले के उपायुक्त शशि रंजन सहित जिले के वरीय एवं कनीय पदाधिकारियों ने निवर्तमान आयुक्त को गुलदस्ता एवं पारितोषिक भेंट कर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया.(नीचे भी पढे)
विदाई सह सम्मान समारोह में निवर्तमान आयुक्त बाल किशुन मुंडा ने कहा कि पलामू प्रमंडल में सेवाकाल के दौरान यहां के पदाधिकारी एवं कर्मियों का काफी सहयोग मिला. आम जनों का भी स्नेह मिला. सभी के प्यार और सहयोग से प्रमंडल में बेहतर कार्य करने में सफलता मिली.उन्होंने अपने सेवा काल के अनुभवों को साझा किया. कहा कि विभिन्न स्थानों पर सेवा का अवसर प्राप्त हुआ. सेवा काल में कई स्थानों पर परेशानियां भी हुईं. चुनौती को स्वीकार कर सभी अधिकारियों के साथ आपसी समन्वय बनाकर कार्य को पूर्ण किया. अभाव में भी अवसर ढूंढकर बेहतर से बेहतर परिणाम देने का प्रयास किया.(नीचे भी पढे)
उन्होंने कनीय पदाधिकारियों को उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया और बेहतर कार्य के लिए उत्साहवर्धन किया. उन्होंने सभी कनीय पदाधिकारियों को हमेशा न्यूट्रल होकर कार्य करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि आइडियल रास्ता अपनाते हुए कार्य करने से समस्याएं नहीं होती है. तटस्थ होकर साफ-सुथरा एवं सरकार के एसओपी के अनुरूप उपायुक्त के निर्देशन व मार्गदर्शन में बेहतर कार्य करें. मौके पर उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि यह भावुक क्षण है कि सेवानिवृत्त होकर आयुक्त सर हमलोग के बीच से जा रहे हैं. इनका करीब 33 वर्ष का सेवा काल रहा. इस दौरान विभिन्न विभागों में काम किया.(नीचे भी पढे)
बिहार-झारखंड में लंबी सेवा दी. उन्होंने कहा कि आयुक्त सर की बेदाग सर्विस हम सभी को प्रेरित करता रहेगा. हम सभी को आयुक्त सर का मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहे, यह उम्मीद है. सेवानिवृत्ति होने के बाद अब आयुक्त सर की नयी पारी की शुरुआत होगी. परिवार-समाज व अपने रिश्तेदारों को समय दे पायेंगे. उन्होंने आयुक्त के सामाजिक लगाव होने के विचारों से भी अवगत कराया.अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने कहा कि आयुक्त का लंबे समय से मार्गदर्शन मिला है और आगे भी मार्गदर्शन मिलता रहे, इसकी उम्मीद करता हूं.(नीचे भी पढे)
डीआरडीए डायरेक्टर रतन कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू व एनडीसी विक्रम आनंद ने आयुक्त के सरल, सहज विचारों के बारे में जानकारी दी. कहा कि आयुक्त का आम जनों, पदाधिकारी एवं अपने सहकर्मियों के बीच गहरी सहानुभूति और आत्मिक लगाव रहा है. उनकी की सेवानिवृत्ति व उनकी कमी हम सभी कनीय पदाधिकारियों को खलेगी. विदाई सह सम्मान समारोह में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, डीआरडीए डायरेक्टर रतन कुमार सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू, एनडीसी विक्रम आनंद, जिला कल्याण पदाधिकारी सेवा राम साहू, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान सहित जिले के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित थे.



