पलामू: पलामू जिले के पाटन स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में बुधवार को स्कूल की लेखापाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका प्रियंका कुमारी ने शिक्षक क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के समय, प्रियंका के मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल चालू था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है. प्रियंका की नियुक्ति इस विद्यालय में मात्र 7 महीने पहले हुई थी. मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका की शादी 5 साल पहले कंचन रजक से हुई थी और उसकी 3 साल की बेटी है. वह मेदिनीनगर में किराए के मकान में रहती थी. (नीचे भी पढ़े)
बुधवार को प्रियंका सुबह 11 बजे के बाद स्कूल पहुंची और क्वार्टर में चली गयी. दोपहर करीब 12 बजे, उनके पति ने स्कूल के गार्ड को फोन किया, क्योंकि प्रियंका उनका कॉल रिसीव नहीं कर रही थी. इसके बाद गार्ड ने क्वार्टर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद वार्डन सुषमा कुमारी और अन्य शिक्षकों को बुलाया गया. एक घंटे की कोशिश के बाद मिस्त्री की मदद से खिड़की काटकर अंदर प्रवेश किया गया, जहां प्रियंका को फंदे पर लटका पाया गया. उस समय उनकी सांसें चल रही थी. उन्हें तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है.



