
गोड्डा : झारखंड पुलिस को गोड्डा जिले में बड़ी सफलता मिली है. गोड्डा जिले के एसपी वाइएस रमेश के सूचना पर महागामा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक विस्फोटक को पकड़ा है. इस मामले में पुलिस ने धनबाद के कतरास का रहने वाले सरफू खान को गिरफ्तार किया है जबकि ट्रक का चालक अख्तर अंसारी भागने में सफल रहा. बताया जाता है कि पुलिस की एक टीम एसपी के निर्देश पर महागामा थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक के पास चेकिंग कर रही थी. आगे-आगे स्कार्पियो जबकि पीछे से एक ट्रक चल रही थी. पुलिस ने ट्रक और स्कार्पियो को हाथ देकर रोकने की कोशिश की, लेकिन स्कार्पियो तेज गति से ललमटिया की ओर निकल गया. लेकिन ट्रक को पुलिस रोकने में कामयाब रही.

उक्त ट्रक के रुकते ही चालक भागने में कामयाब रहा जबकि एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया, जो कतरास धनबाद का रहने वाला सरफू खान है. ट्रक की चेकिंग की गयो तो पुलिस के होश उड़ गये. उक्त ट्रक पर विस्फोट करने में सहायक 2061 पीस शक्तिशाली डेटोनेटर, 50 पीस 22 मीटर का नन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 4 मीटर का नन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर का 200 पीस बरामद किया गया. उक्त डेटोनेटर का इस्तेमाल विस्फोट करने के लिए किया जाता है. खदान से लेकर नक्सली और आतंकियों द्वारा भी इसका इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन जब जांच की गयी तो इससे संबंधित कोई दस्तावेज बरामद नहीं हो पाया. इसके बाद पुलिस ने उक्त ट्रक को जब्त कर लिया है और छानबीन शुरू कर दी है कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर विस्फोटक कहां ले जाया जा रहा था और कहां से लाया जा रहा था और उद्देश्य क्या था. कौन लोग इसके पीछे थे और स्कार्पियो पर सवार लोग कौन थे. पकड़े गये व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है.















