रांची:श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, श्रद्धांजलि सभा मे झारखंड आंदोलन के जननायक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ हुई, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की. श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल ने कहा दिशोम गुरु शिबू सोरेन केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि एक युगदृष्टा थे, जिन्होंने आदिवासी समाज के हक और सम्मान के लिए जीवन भर संघर्ष किया.(नीचे भी पढ़े)

उनका जीवन हमें न केवल सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है, बल्कि सच्चे जननेता की परिभाषा भी सिखाता है. ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा, गुरुजी ने जिस दृढ़ता और साहस के साथ झारखंड आंदोलन का नेतृत्व किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा. उनका निधन केवल एक व्यक्ति का जाना नहीं, बल्कि एक विचारधारा, एक आंदोलन और एक संघर्षशील आत्मा की विदाई है. हम उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं.मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके जीवन एवं संघर्ष को याद किया. सभा का वातावरण भावुक किंतु प्रेरणादायक रहा. .(नीचे भी पढ़े)
यह श्रद्धांजलि सभा न केवल शोक व्यक्त करने का एक अवसर थी, बल्कि शिबू सोरेन जी के विचारों, संघर्षों और उनके द्वारा स्थापित मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प भी था. श्रद्धांजलि सभा में-ट्रस्ट के उपाध्यक्ष निर्मल जालान, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, विशाल जालान, नंदकिशोर चौधरी,संजय सर्राफ, मधु जाजोदिया, मनीष सोनी, पवन पोद्दार, गोविंद अग्रवाल, सहित अन्य लोग उपस्थित थे.











