रांची : भूख हड़ताल के दौरान रांची सदर अस्पताल में उपचाररत छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो को पुलिस द्वारा कथित रूप से धक्का-मुक्की कर ध्वजारोहण एवं तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोके जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. आज यह मामला महामहिम राज्यपाल महोदय तक पहुंचा. जेपीएससी व जेएसएसपी में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के प्रमुख छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा एवं ध्वजारोहण से रोके जाने तथा उनके साथ पुलिस बल प्रयोग एवं धक्का-मुक्की के मामले को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल में रूपेश कुशवाहा, जयराम महतो, मुकेश कुमार, शिवम, रामा अवतार एवं महावीर साहु शामिल थे. प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में बताया कि जेपीएससी व जेएसएससी में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के समय हुए पुलिस लाठीचार्ज के बाद छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो रांची सदर अस्पताल में उपचाररत थे. गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के बावजूद वे छात्रों के अधिकार एवं न्याय के लिए लगातार भूख हड़ताल पर थे. (नीचे भी पढ़े)
ज्ञापन में कहा गया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपचाररत होने के बावजूद देवेन्द्र नाथ महतो ने तिरंगा यात्रा में शामिल होने एवं राष्ट्रीय ध्वज फहराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें रोका गया तथा उनके साथ कथित रूप से बल प्रयोग एवं धक्का-मुक्की की गई. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि घटना से संबंधित फोटो एवं वीडियो सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं. स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर तिरंगे से जुड़ी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है. प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि 15 अगस्त 2026 को देवेन्द्र नाथ महतो को तिरंगा यात्रा एवं ध्वजारोहण से रोके जाने की घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच हो, कथित धक्का-मुक्की एवं पुलिस बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, फोटो एवं वीडियो सहित सभी साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच में शामिल किया जाए, 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए, आंदोलनकारी छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो की सुरक्षा एवं उचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जेपीएससी व जेएसएसपी से संबंधित छात्र आंदोलन की मांगों पर सरकार द्वारा आवश्यक एवं ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए उचित हस्तक्षेप करने का आग्रह किया.




