
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एनएच-33 स्थित बालिगुमा पुल के पास गुरुवार की सुबह सड़क दुर्घटना में अमृत ऋद्धि सिंह उर्फ नेहा की आकस्मिक मौत के बाद शुक्रवार को झारखंड पारा मेडिकल स्टाफ एसोसिएशन, पारा मेडिकल छात्र संघ व राजकीय पारा मेडिकल एमजीएम मेडिकल कॉलेज की ओर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए कैंडल मार्च निकाला गया. इस दौरान काफी संख्या में पारा मेडिकल स्टाफ और पारा मेडिकल के विद्यार्थी शामिल हुए. पारा मेडिकल के रामवृक्ष महतो ने बताया कि ऋद्धि सिंह की मौत के बाद उसकी आत्मा की शांति के लिए यह कैंडल मार्च निकाला जा रहा है. इसके साथ ही उन्होंने सरकार से अपील की है कि इस घटना के बाद ऐसी कोई और घटना ना हो इसके लिए कॉलेज में पारा मेडिकल स्टाफ के लिए एक हॉस्टल बनवाया जाए ताकि आने वाले समय में ऐसी घटना दोबारा ना हो. कैंडल मार्च एमजीएम अस्पताल परिसर से निकाला गया. बता दे कि गुरुवार को कोरोना वारियर ऋद्धि सिंह उर्फ नेहा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. वह एमजीएम मेडिकल कॉलेज में कोरोना जांच की ड्यूटी पर थी.





