रांची: झारखंड विधानसभा में बजट सत्र चल रहा है गुरुवार को बजट सत्र की कार्रवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायकों ने सदन के बाहर जमकर धरना प्रदर्शन किया. बता दे कि कल अनिल टाइगर की हत्या को लेकर भाजपा, जदयू और आजसू ने रांची बंद बुलाया है. सदन के बाहर भाजपा विधायकों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन कर राज्य के कानून व्यवस्था पर भाजपा विधायकों ने अपनी बातों को रखा. भाजपा विधायकों ने कहा है कि झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरीके से चौपट है और अपराधी राज कायम है. (नीचे भी पढ़ें)
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कल हत्या के बाद अपराधी की गिरफ्तारी हुई है उसे जनता ने पकड़ा और पुलिस अपनी वाहवाही लूट रही है. राज्य में अपराध कैसे रुकेगा राज्य में एक ही डीजी है उनके ऊपर कई प्रभार दिया गया है. एक पुलिस पदाधिकारी के पास इतने काम होंगे तो कभी भी वो न्याय नहीं कर सकता. यह सरकार पैसे वसूली कर रही है तभी अपराधी बेखौफ होकर राज्य में अपराध कर रहे हैं और सरकार का उन लोगों को संरक्षण प्राप्त है. पुलिस के अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए इन लोगों के रहते हुए कभी भी कानून व्यवस्था ठीक नहीं हो सकती. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है. अपराधी बेलगाम हो चुके हैं. उन्होंने अविलंब हत्यारों के गिरफ्तारी की मांग की है.














