रांची : झारखंड में नया समीकरण बनाने वाली पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के प्रमुख जयराम महतो ने अपनी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है. यह पहली पार्टी है, जिसने विधानसभा चुनाव के पहले प्रत्याशियों की घोषणा की है. इसके तहत झारखंड में 6 सीटों के लिए प्रत्याशी का ऐलान जयराम महतो ने कर दिया है. एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने अपने प्रत्याशियों की घोषणा की. इसके तहत खुद जयराम महतो डुमरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. यह सीट गिरीडीह जिले से आती है. (नीचे भी पढ़ें)

इसी तरह गिरीडीह जिले के अंतर्गत आने वाली जमुआ की एससी आरक्षित सीट पर रोहित कुमार दास, साहेबगंज जिले के राजमहल विधानसभा सीट के लिए मोतीलाल सरकार, रांची के तमाड़ एसटी सीट के लिए देवमंत्री मुंडा, पलामू के छतरपुर एससी सीट से प्रीति राज और सरयाकेला के एसटी सीट से प्रेम मार्डी को प्रत्याशी बनाया है. इन सारे छह प्रत्याशियों के नामों के ऐलान के साथ राजनीतिक तौर पर सरगर्मी जयराम महतो ने पैदा कर दी है और साफ कर दिया है कि इस बार के चुनाव में भी एक बड़ा फैक्टर बनने वाले है. पहले वे जेबीकेएसएस नाम से संस्था चलाते थे, लेकिन जब राजनीतिक दल के तौर पर अपनी पार्टी का गठन किया तो उन्होंने जेएलकेएम के नाम से रजिस्ट्रेशन कराया है. नवरात्र के पहले दिन उन्होंने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है, जिससे नया राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है.






