
रांची : झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आहूत होने वाला है. इसको लेकर मंगलवार को झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा समेत अन्य अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. इसमें पूरी व्यवस्था की समीक्षा की गयी. इस दौरान विधायकों के जवाब तत्काल मिले, यह सुनिश्चित करने को कहा गया. इसके अलावा गलत सूचना देने वालों पर कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी. तीन दिनों के बाद ही सत्र की शुरुआत होनी है, जिस कारण विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विषयों का अध्ययन करने को कहा. इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता िंतजाम करने को कहा या. पुराने विधानसभा के आवासीय परिसर में सुरक्षा देने को कहा गया. विधानसभा के सत्र के दौरान गाड़ियां कैसे आनी है और कितनी गाड़ियां आनी है, इस पर भी विस्तार से चर्चा की गयी. विधानसभा परिसर में पानी, बिजली, स्ट्रीट लाइट का बेहतर इंतजाम हो. टीकाकरण का भी व्यवस्था हो, अन्य सारी व्यवस्था को भी दुरुस्त करने का आदेश दिया गया. झारखंड वित्त विधेयक, 2021 एवं पंडित रघुनाथ मुर्मू यूनिवर्सिटी विधेयक, 2021 में त्रुटि का मामला सामने आया है. कई विभागों के आश्वासन भी लंबित पड़े हैं. इनमें स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं अन्य विभाग प्रमुख हैं. विभागीय स्तर पर इसे त्वरित गति से निपटाया जाये. बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा, अविनाश सिंह, अरूण कुमार सिंह समेत अन्य विभागों के प्रमुख अधिकारी भी मौजूद थे.
















