रांची : बिहार में भव्य आयोजन के बाद अब बाबा बागेश्वर का दिव्य दरबार झारखंड में लगेगा. आगामी 2 और 3 नवम्बर को बाबा बागेश्वर गिरिडीह आयेंगे और जिले के प्राचीन दुखिया महादेव मंदिर अपना दरबार सजायेंगे. सनातन धर्म का प्रचार करने वाले बाबा बागेश्वर की झारखंड की जनता बेसब्री से इन्तजार कर रही है, उसका यह इन्तजार अब नवम्बर में समाप्त हो जायेगा. जैसी की खबर है कि बाबा बागेश्वर का राजधानी रांची में भी कार्यक्रम प्रस्तावित है, लेकिन इसकी तिथियों की घोषणा नहीं की गयी है. पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बागेश्वर बाबा 2 नवंबर की शाम को दुखिया मंदिर प्रांगण स्थित मैदान में भजन संध्या से अपने कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे. फिर 3 नवंबर की सुबह दिव्य दरबार लगेगा. (नीचे भी पढ़ें)
आयोजकों की मानें तो यह कार्यक्रम काफी भव्य होगा और लाखों की संख्या में भक्त दिव्य दरबार पहुंचने वाले हैं. दिव्य दरबार में करीब 10 से 15 लाख लोगों के लिए व्यवस्था की जायेगी. गिरिडीह मानव सेवा संस्थान फाउंडेशन इस कार्यक्रम का आयोजक है. फाउंडेशन के संरक्षक बिनोद सिन्हा ने बताया कि दिव्य दरबार लगाने बाबा बागेश्वर 2 नवंबर को रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से वह हेलीकॉप्टर से गिरिडीह एयरपोर्ट आयेंगे. इसके बाद उनका दो दिवसीय दिव्य दरबार समारोह आयोजित होगा. बाबा बागेश्वर दिव्य दरबार के बाद देवघर में बैद्यनाथ धाम और तपोवन मंदिर का दर्शन भी करेंगे. दिव्य दरबार का आयोजन सांसद सह भोजपुरी गायक मनोज तिवारी के सहयोग से होगा. दिव्य दरबार के समय मनोज तिवारी भी मौजूद रहेंगे और पार्श्व गायिका प्रिया मल्लिक के साथ अपनी प्रस्तुति भी देंगे.














