रांची / जमशेदपुर : झारखंड में भीषण गर्मी के बाद बारिश होने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है. बुधवार को अधिकांश जिलों में बादल छाये रहने के बाद शाम बूंदाबांदी हुई. इससे अधिकतम तापमान में (2-3) डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी. वहीं पूर्वानुमान में बताया गया है कि राज्य के 20 जिलों में 1 जून तक आंधी-पानी का अलर्ट है. इस दौरान हवा की गति 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक तापमान में गिरावट आने की संभावना जारी की है. (नीचे भी पढ़ें)
इन जिलों में अलर्ट : मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार राज्य के रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायेकला खरसावां जिले में तूफानी बारिश का अलर्ट है. वहीं गढ़वा, चतरा, पलामू और चतरा जिले में बूंदाबांदी का अलर्ट है. यह अलर्ट 1 जून तक के लिए जारी किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
बुधवार को डाल्टेनगंज को छोड़कर शेष जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से रहा कम : बुधवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टेनगंज का 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं रांची का अधिकतम तापमान 37 डिग्री, जमशेदपुर का 36.8 डिग्री, बोकारो का 36.2 डिग्री, चाईबासा का 38.4 डिग्री, देवघर का 32.4 डिग्री, गुमला का 40.3 डिग्री, जामतारा का 36.0 डिग्री, खूंटी का 35.8 डिग्री, लातेहार का 35.4 डिग्री, लोहरदगा का 39.9 डिग्री, सरायकेला का 39.2 डिग्री, साहेबगंज का 31.2 डिग्री, पश्चिम सिंहभूम का 35.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
सबसे अधिक वर्षा मांझर में : बीते 24 घंटे में सबसे अधिक वर्षा मांझर में 49.3 एमएम रिकॉर्ड किया गया. वहीं मंझगांव में 35.2 एमएम, खूंटी में 28 एमएम, चाईबासा में 17.3 एमएम, बोकारो में 15.8 एमएम, जगन्नाथपुर में 13.5 एमएम और बहरागोड़ा में 2 एमएम बारिश दर्ज किया गया.







