रांची/ जमशेदपुर : झारखंड में लगातार दूसरे दिन सुबह से रिमझिम बारिश होती रही. जमशेदपुर में लगातार हो रही बारिश से जहां एक ओर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम खुशनुमा हो गया, वहीं दूसरी ओर जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. सुबह से हो रही बारिश के कारण जमशेदपुर के निचले इलाकों, मुख्य सड़कों और बाजारों में जलभराव व कीचड़ की स्थिति बन गई. मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार 27 सितंबर तक राज्य में बारिश का अलर्ट है. वही अगले 2 दिन तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
शुक्रवार को इन जिलों में अलर्ट: मौसम विभाग रांची केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक जिले में रुक-रुक कर गुरुवार को बारिश होती रही. बंगाल की खाड़ी में उठे निम्न दबाव के कारण झारखंड में इसका असर देखने को मिल रहा है. शुक्रवार शाम तक इसके कमजोर होने की संभावना है. शुक्रवार को गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर और कोडरमा में भारी बारिश का अलर्ट है. (नीचे भी पढ़ें)
गुरुवार को सबसे अधिक बारिश बहरागोड़ा में: गुरुवार शाम 5:30 बजे तक पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में सबसे अधिक वर्षा 43.5 मिमी रिकॉर्ड की गई है. वही जमशेदपुर में 17 मिमी, रांची में 9 मिमी, डाल्टेनगंज में 11 मिमी, बोकारो में 6 मिमी, चाईबासा में 17 मिमी और सरायकेला में 24.5 मिमी बारिश रिकार्ड की गई.




