रांची / जमशेदपुर : झारखंड में एक बार फिर सोमवार से मौसम बदलने का अनुमान है. रांची केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक चार अक्टूबर तक आसमान साफ रहेगा और तेज धूप होने से दिन में हल्की गर्मी बढ़ेगी. हालांकि, 5 अक्टूबर से मौसम फिर करवट लेगी. तीन दिन तक कोल्हान समेत पूरे जिले में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है, जो 7 अक्टूबर तक जारी रहेगा. 8 अक्टूबर से मौसम साफ रहने का अनुमान है. (नीचे भी पढ़ें)
7 अक्टूबर तक कई इलाकों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट : रांची के मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 7 अक्टूबर तक राज्य में हल्की बारिश का अनुमान है. इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस कारण अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट का अनुमान है. उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर तक आसमान साफ रहेगा. 5 अक्टूबर को अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहेबगंज, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, चतरा, पलामू और गढ़वा में मेघ गर्जन के साथ छिटपूट बारिश का अनुमान है. वहीं 7 अक्टूबर तक राज्य के सभी जिलों में छिटपूट बारिश का अनुमान है. (नीचे भी पढ़ें)
तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट का अनुमान : मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 5 अक्टूबर के बाद से बारिश के साथ अधिकतम तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट का अनुमान है. वहीं 5 से 7 अक्टूबर तक कई हिस्सों में गर्जन के साथ बारिश की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलने का अनुमान है.




