जमशेदपुर : लद्दाख के लोगों की जायज मांगों के समर्थन और पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की अवैध हिरासत के खिलाफ सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर लद्दाख की जनता की संवैधानिक मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया और इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार बताया. प्रदर्शन में शामिल झारखंडी समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे लद्दाख की जनता के साथ पूर्ण एकजुटता व्यक्त करते हैं. लद्दाख की जनता छठी अनुसूची का दर्जा, राज्य का दर्जा और स्थायी रोजगार के अवसर की मांग कर रही है, जो उनके मौलिक अधिकारों का हिस्सा है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लद्दाख की जनता के साथ किया जा रहा अन्याय अस्वीकार्य है. उन्होंने लेह में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग और सोनम वांगचुक की अवैध गिरफ्तारी की निंदा की. वक्ताओं ने कहा कि यह न केवल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है, बल्कि उन लोगों की आवाज़ को दबाने का प्रयास है जो पर्यावरण, धरती और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
प्रदर्शनकारियों ने चार मुख्य मांगों में सोनम वांगचुक और अन्य प्रदर्शनकारियों की तत्काल और बिना शर्त रिहाई, लद्दाख को छठी अनुसूची के तहत संवैधानिक अधिकार और पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान करने, लद्दाख के बेरोजगार युवाओं के लिए स्थायी रोजगार के अवसर सुनिश्चित किए जाने, लद्दाख के प्रतिनिधियों के साथ तत्काल संवाद शुरू कर उनकी मांगों का न्यायपूर्ण समाधान किये जाने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रदर्शन के दौरान झारखंडी समाज के कई सामाजिक कार्यकर्ता और युवा संगठन के सदस्य मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ लद्दाख की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे भारत के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का प्रश्न है.














