
रांची : झामुमो ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा है कि भाजपा सिर्फ चीन के नाम पर राजनीति कर रही है. चीन के निर्मित सामानों का बहिष्कार करने का ढोंग कर रही है जबकि भारत और बंग्लादेश के लिए बिजली सप्लाइ करने के लिए झारखंड के गोड्डा में बन रहे अडानी के पावर प्लांट को स्थापित किया जा रहा है और उसमें चीन की कंपनियों को टेंडर दिया गया है. झामुमो के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने संवाददाता सम्मेलन रांची में आयोजित कर यह आरोप लगाया और कहा कि अडानी पावर प्लांट को स्थापित करने के लिए चीनी कंपनी के साथ करार किया गया है और केंद्र सरकार के साथ भाजपा लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह सारा हथकंडा अपना रही है. सुप्रियो भट्टाचार्य यहीं नहीं रूके. उन्होंने कहा कि अगर सही में भाजपा और केंद्र सरकार चीन की अर्थव्यवस्था पर चोट करना चाहती है तो गोड्डा में बन रहे पावर प्लांट को बनाने के लिए चीनी कंपनी को दिये गये ठेके को रद्द कराये. अगर यह चीनी ऑर्डर रद्द नहीं होता है तो भाजपा अडानी की कंपनी के खिलाफ आंदोलन करें. झामुमो का एक-एक कार्यकर्ता भाजपा के इस विरोध में देश हित में राजनीतिक भेदभाव मिटाकर साथ देगा. अगर इसका विरोध नहीं करती है तो उसे लोगों को गुमराह करने की कोई इजाजत नहीं है. उन्होंने भाजपा के नेता बाबूलाल मरांडी को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि बाबूलाल मरांडी दोहरे चरित्र के व्यक्ति है. पहले तो भाजपा को गाली दे रहे थे और अब भाजपा का वाहवाही करने लगे है. ऐसे मतलब परस्त व्यक्ति के बारे में कुछ बात नहीं की जा सकती है.














