
रांची : 7वीं से 10वीं तक झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएसएसी) प्रारंभिक परीक्षा रिजल्ट में कथित धांधली का आरोप लगाकर नाराज अभ्यर्थी अब आंदोलन की तैयारी में है. अभ्यर्थियों का समूह 15 नवंबर को बापू वाटिका मोरहाबादी मैदान में और 16 नवंबर को झारखंड लोक सेवा आयोग के बाहर धरने पर बैठेंगे. अब विधायक बंधु तिर्की और प्रदीप यादव ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हुई कथित धांधली के खिलाफ जांच करने की मांग की है. यहां तक की प्रदीप यादव ने तो सीएम को पत्र लिखा है. वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने भी परीक्षा रिजल्ट को लेकर सवाल उठाया है.(नीचे भी पढ़े)
बंधु तिर्की ने कहा है कि लोहरदगा और साहेबगंज के एक सेंटर में अभ्यर्थियों का लगातार प्रारंभिक परीक्षा में पास होना शक के दायरे में तो आता ही है. उन्होंने कहा कि सीएम से मुलाकात होने के बाद वे इस बातचीत करेंगे. होना तो यह चाहिए कि मुख्यमंत्री स्वतः संज्ञान लेकर उठ रहे कथित धांधली की जांच कराएं, ताकि अभ्यर्थियों के शक को दूर किया जा सके. जांच में अगर धांधली की बात सामने आती है, तो जो भी अधिकारी इसमें शामिल है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने भी जेपीएसएसी परीक्षा रिजल्ट में शिकायत की जांच कराने को लेकर सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने लिखा है कि कुछ परीक्षा केंद्र से सीरियल में अभ्यर्थियों के पास होने का मामला उनकी समक्ष में भी जांच के दायरे में आता है. ऐसे में उनकी सरकार से मांग है कि सरकार इसकी जांच कराएं. पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने भी परीक्षा रिजल्ट को लेकर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए परीक्षा लेने वाले जेपीएसएसी को तो म्यूजिम में रख देना चाहिए. आयोग ने अबतक जितनी भी सिविल सेवा परीक्षा ली, सभी विवादित होकर कोर्ट में लंबित है. नाराज अभ्यर्थियों का आरोप है कि 7वीं से 10वीं जेपीएसएसी प्रारंभिक परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई हैं. (नीचे भी पढ़े)
इनका कहना है कि उत्क्रमित उच्च विद्यालय साहिबगंज, लोहरदगा में मनोहरलाल इंटर कॉलेज और लातेहार के एक केंद्र में लगातार सीरियल नंबर वाले अभ्यर्थी पास हुए हैं. कुछ अभ्यर्थियों का तो यह भी आरोप है कि उनके केंद्र पर परीक्षा में अनुपस्थित अभ्यर्थियों को भी पास करा दिया गया है. इसे लेकर 15 और 16 नवंबर को अभ्यर्थी जोरदार आंदोलन की तैयारी में है.




