
जमशेदपुर : पर्व-त्योहार और कोरोना के कारण जुस्को श्रमिक यूनियन का चुनाव पिछले दिनों जिला प्रशासन ने टालने का निर्देश दिया था. इसके बाद कुछ दिनों के लिए चुनाव टाल दिया गया था. इधर, शुक्रवार को जुस्को यूनियन के चुनाव में प्रत्याशी और मजूदोरं का एक प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय पहुंचा. जहां इन्होंने वर्तमान कमेटी के कार्यकाल के पूरा होने का हवाला देते हुए अविलंब चुनाव कराए जाने की मांग संबंधी एक ज्ञापन जिले के उपायुक्त को सौंपा. इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्तमान कमेटी का कार्यकाल काफी लंबा खींचा जा रहा है. जिला प्रशासन को इस मामले पर गंभीरता दिखाते हुए चुनाव कराने को लेकर तिथि निर्धारित कर देनी चाहिए, ताकि चुनाव हो जाने से श्रमिकों के ग्रेड रिवीजन, एलटीसी समेत अन्य समस्याओं का निराकरण हो सके.
प्रतिनिधिमंडल में एके सिंह, एएन तिवारी समेत अन्य लोग शामिल थे. आपको बता दें कि चुनावी प्रक्रिया चुनाव पदाधिकारी सीएस झा और अश्विनी माथन ने शुरू कर दिया था, लेकिन बीच में ही प्रशासन ने सुरक्षा मुहैया कराने में असमर्थता जताते हुए कहा था कि चुनाव में वे लोग सुरक्षा उपलब्ध नहीं करा सकते है, जिस कारण चुनाव को रोक दिया जाये. हालांकि, चुनाव कराने का अधिकार यूनियन के पास ही है और किसी भी स्तर पर कोई रोक नहीं है, इस कारण अब यूनियन चाहती है कि दिवाली के बाद जुस्को श्रमिक यूनियन चुनाव करा लिया जाये, जिसके लिए खुद कर्मचारी भी परेशान है.







