सरायकेला : सरायकेला जिले का खरसावां प्रखंड क्षेत्र धीरे-धीरे नकली विदेशी शराब बनाने का हब बनता जा रहा है. जमशेदपुर के नकली ब्रांडेड विदेशी शराब माफिया इन दिनों खरसावां में सक्रिय हैं. उनकी सक्रियता से खरसावां में नकली विदेशी शराब का कारोबार फल-फूल रहा है. इससे सरकार को लाखों के राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं इन शराब माफियों की चांदी कट रही है. आबकारी विभाग एवं पुलिस के अधिकारी भी मौन है. जिला आबकारी विभाग ने हालांकि करीब 45 दिन पूर्व खरसावां थाना क्षेत्र के दलाइकेला में छापामारी कर मिनी शराब फैक्ट्री पकड़ी थी, जहां से 80 लीटर नकली विदेशी शराब भी बरामद हुई थी. विभागीय अधिकारियों ने इस सिलसिले में जमशेदपुर के सोनारी निवासी शराब माफिया सतीश कुमार के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था. लेकिन सतीश कुमार आज भी फरारी काट रहा है. वैसे मामला दर्ज होने के बावजूद शराब माफिया खरसावां में सक्रिय हैं एवं क्षेत्र के हरिभंजा, रिडिंग, पतपत, पद्मपुर, दलाइकेला व कुचाई के लेप्सो क्षेत्रों में नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री धड़ल्ले से चला रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि पुलिस व आबकारी विभाग के भेदियों की मदद से यह कारोबार लघु उद्योग का रूप लेता जा रहा है. अफसरों की लगातार छापेमारी के बाद भी चिह्नित बस्तियों में कच्ची शराब का कारोबार बदस्तूर जारी है. केमिकल्स से तैयार शराब के साथ ही दूसरे प्रांतों की शराब के कारोबार का नेटवर्क तोड़ने में अधिकारी नाकाम हैं. आदिवासी बहुल क्षेत्र खरसावां से लगे गांवों में अवैध देसी-विदेशी शराब गली चौराहों, पान व किराना दुकानों, ढाबों पर खुलेआम बिक रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री से गांवों का माहौल खराब हो रहा है, वहीं युवा पीढ़ी नशे की लत का शिकार भी होती जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार खरसावां अंचल में ऐसे कई गांव हैं जहां नकली विदेशी शराब का कारोबार बेरोकटोक जारी है. इसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियां भी बढ़ती जा रही हैं एवं. लोग हादसों का शिकार भी हो रहे है. (नीचे भी पढ़ें)
इस मामले में पूछे जाने पर उत्पाद निरीक्षक निर्भय सिन्हा ने कहा कि आबकारी विभाग द्वारा विगत 2 नवंबर को खरसावां थाना क्षेत्र के दलाइकेला में छापामारी कर नकली विदेशी शराब की फैक्ट्री का खुलासा किया गया था, जहां से 80 लीटर नकली शराब भी बरामद हुई थी. फैक्ट्री के संचालक सतीश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी भी की जा रही है. नकली शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.











