जमशेदपुर:जमशेदपुर बार एसोसिएशन के वरीय सदस्य, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दिनेश षाड़ंगी के छोटे भाई और समाजसेवी द्विजेन षाड़ंगी का सोमवार की शाम 4.56 बजे मुंबई में निधन हो गया. वे वहां इलाजरत थे. इस संबंध में अपने फेसबुक पेज पर एक भावुक पोस्ट लिखते हुए उनके भतीजे सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने निधन की जानकारी साझा की. साथ ही कुणाल षाड़ंगी के कार्यालय के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट करके उनके चाचा द्विजेन षाड़ंगी के निधन की जानकारी दी गई है.कुणाल षाड़ंगी सोमवार को मुंबई पहुंच चुके हैं.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने शार्प भारत से फोन पर बातचीत करते हुए बताया कि औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद वे और परिवारजन दिवंगत द्विजेन षाड़ंगी के पार्थिव शरीर को लेकर मुंबई से रवाना होंगे. कल दोपहर तीन बजे के बाद बहरागोडा पहुंचेंगे.उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव बहरागोड़ा के पाथरा पंचायत के गंढानाटा गांव में बुधवार को होगा.(नीचे भी पढ़े)
पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने अपने भावुक फेसबुक पोस्ट में बताया है कि उनके चाचा द्विजेन षाड़ंगी एक समर्पित समाजसेवी थे और उनके राजनीति में आने के लिए पिता से भी बड़े प्रेरणास्रोत रहे. उनका जाना अपूरणीय क्षति है. कुणाल ने पोस्ट में लिखा है कि उनके चाचा अंतिम सांस तक अपने गांव को ही याद करते रहे और उनकी इच्छा के अनुसार पैतृक गांव में ही उनका अंतिम संस्कार होगा.











