
जमशेदपुर : घाट एवं स्टॉक से बालू की ढुलाई केवल ट्रैक्टर से ही करने का आदेश राज्य सरकार ने निर्गत किया है. इस आदेश के खिलाफ कोल्हान हाइवा एसोसिएशन के बैनर तले हाइवा मालिकों ने विरोध-प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने ‘गाड़ी मालिकों का शोषण करना बंद करो’, ‘सरकार की मनमानी नहीं चलेगी’ समेत अन्य नारे लगाये. साथ ही राज्य के मुख्यमंत्री नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया है. हाइवा मालिकों ने बताया कि भौगोलिक व नदियों की स्थिति को देखते हुए बालू की ढुलाई 100 से 200 किलोमीटर तक की दूरी तक होती है, जो 10-15 वर्षों से चला आ रहा है. ट्रैक्टर से अधिक दूरी तक बालू का परिचालन संभव नहीं है. साथ ही दूरी के कारण बालू का मूल्य भी अधिक महंगा न हो, इसलिए भी हाइवा, टीपर, डंपर से बालू की ढुलाई की जाती है. दूसरी ओर तीन महीने लॉकडाउन में गाड़ियां खड़ी रहीं.
उन्होंने कहा कि वाहन मालिकों ने कर्ज-ऋण लेकर गाड़ी ले रखा है. इसके अलावा ड्राइवर, खलासी, इंश्योरेंस आदि का भी खर्च है. ऐसे में राज्य सरकार के इस आदेश से हाइवा, टीपर व डंपर मालिकों को काफी नुकसान उठाना पड़ेगा. अत: राज्य सरकार अपने आदेश पर सहानुभूतिपूर्वक पुनर्विचार करते हुए इसे वापस ले. विरोध-प्रदर्शन में एसोसिएशन के चेयरमैन सतवीर सिंह सोमू, कंचन सिंह, प्रेसिडेंट अनिर्बन चक्रवर्ती, चंगेज खान, रवि शाह, सन्नी खान, तारकेश्वर, राणा सिंह, कृष्ण कुमार, रविंदर तिवारी, दिलीप साहू, राजू खान, विवेक सिंह, उत्तम मित्रा, अमित पांडेय, सुधीर पांडेय, आरजू खान समेत अन्य वाहन मालिक शामिल हुए.







