
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर से राउरकेला जाने के लिए निकले 22 बारातियों को दुल्हे और दुल्हन के साथ पकड़ लिया गया. ये सारे लोग दुल्हन को लेकर लौट रहे थे कि आरपीएफ पुलिस ने इनको पकड़ लिया और चक्रधरपुर आरपीएफ पोस्ट में बंद कर दिया. ससुराल जा रही दुल्हन ससुराल ना जाकर चक्रधरपुर आरपीएफ के हवालात में पहुंच गयी. बताया जाता है कि बारात से लौटने के बाद रेल पटरी पार कर सारे लोग जा रहे थे. यह रेलवे के नियमों के खिलाफ है, जिस कारण यह कार्रवाई की गयी है. इसको लेकर बारातियों के परिजन पहुंचे और परेशान है. आरपीएफ पोस्ट में मौजूद रेलवे के अधिकारियों से मिन्नत की जा रही है कि किसी तरह बारातियों को छोड़ दिया जाये जबकि दुल्हा और दुल्हन को भी छोड़ा जाये. इसको लेकर फाइन लगाने और कोर्ट में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसके बाद उनको जमानत पर छोड़ा जायेगा. बताया जाता है कि सभी लोग जल्दबाजी में सारंडा पैसेंजर ट्रेन पकड़ने के चक्कर में पटरी से होकर गुजर रहे थे. जानकारी के अनुसार मंगलवार को राऊरकेला से बारात चक्रधरपुर केरा के रागरिंग गांव आया था. बुधवार सुबह बारात लौटते समय पोटर खोली केविन के पास रेल के पटरियों को पार करने के दौरान रेलवे पुलिस ने पकड़ लिया और थाने ले गए.







