रांची: लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला रविवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे, रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. स्वागत समारोह की अगुवाई झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो व रांची सांसद सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने की. आत्मीय स्वागत से अभिभूत लोकसभा स्पीकर ने कहा कि झारखंड की धरती वीरों की धरती है, जहां बिरसा मुंडा में जन्म लिया, उनकी भूमि पर आना मेरे लिए गर्व की बात है.(नीचे भी पढ़े)
एयरपोर्ट से सीधे लोकसभा अध्यक्ष बिरसा चौक पहुंचे, जहां पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए. उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षों की गाथा हमे याद है, कि उन्होंने आदिवासी समुदाय के लिए लंबा संघर्ष किया. आदिवासी समुदाय के सम्मान, आत्मसम्मान, जल, जंगल,जमीन और उनकी संस्कृति के लिए संघर्ष किया. उनके संघर्ष की बदौलत आदिवासियों के जीवन में नया आत्मविश्वास और उर्जा का संचार किया. लोकसभा स्पीकर के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.











