
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र की सरदार पाड़ा निवासी वृद्धा मेनका कुंडू आपूर्ति विभाग के कारनामें से परेशान हैं. चाकुलिया में आपूर्ति विभाग का अनोखा कारनामा देखने को मिला है.

विभाग द्वारा प्रखंड की सरदारपाड़ा निवासी मेनका कुंडू के नाम सफेद कार्ड निर्गत किया गया है परंतु विभाग के पदाधिकारियों ने वृद्धा के कार्ड में लक्षित डीलर के नाम के स्थान पर चाकुलिया के किसी डीलर नहीं, बल्कि जमशेदपुर के जुगसलाई निवासी डीलर सुलोचना देवी के दुकान का नाम व पता अंकित कर दिया गया है. इसलिए मेनका कुंडू को कहा जा रहा है कि उन्हें जुगसलाई जाकर उक्त डीलर के यहां से ही केरोसिन व अन्य सामग्री का उठाव करना पड़ेगा. विभाग के इस कारनामें से मेनका कुंडू परेशान हैं.
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में वह केरोसिन तेल लेने के लिए जमशेदपुर कैसे जायें. चाकुलिया से 90 किमी दूर जमशेदपुर के जुगसलाई के डीलर के पास 35 रुपये का केरोसिन तेल का उठाव करने के लिए उसे 2200 रुपये खर्च कर वाहन से जमशेदपुर जाना पड़ेगा. विभागीय लापरवाही के कारण मेनका कुंडू काफी परेशान हैं.
उन्होंने कहा कि उनके नाम पर बने पूर्व के कार्ड पर चावल, तेल, चिनी सब मिलता था, परंतु नया कार्ड बना तो उनके नाम पर सफेद कार्ड निर्गत किया गया और वह भी तेल लेने के लिए जमशेदपुर जाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि वह तेल का उठाव करने के लिए जमशेदपुर कैसे जायें.







