
घाटशिला : घाटशिला विस के गालूडीह थाना क्षेत्र के बाघुड़िया पंचायत के गुडाझोड़ गांव में निर्मित निशी झरना चेकडैम की मरम्मत करने की मांग विगत दिनों ग्रामीणों ने विधायक रामदास सोरेन से की थी. ग्रामीणों ने कहा कि निशी झरना चेकडैम के पास बनी शाखा नहर को साफ करा दिया जाए तो कई गांव के किसान इससे लाभान्वित होंगे. ग्रामीणों की मांग पर विधायक रामदास सोरेन ने गुड़ाझोर गांव पहुंचकर निशी झरना पर बने चेकडैम और शाखा नहर का निरीक्षण किया. इस दौरान ग्रामीणों ने चेकडैम की शाखा नहर के बारे में विधायक रामदास सोरेन को अवगत कराते हुए कहा कि यदि शाखा नहर को साफ किया जाए तो चाडरी, काशपानी, बाघूडिया सुकरीगड़या, भुरूडांगा केसरपुर समेत अन्य गांव के किसान लाभान्वित होंगे. किसानों की खेतों तक पानी पहुंचेगा. विधायक रामदास सोरेन लोगों को आश्वस्त किया कि जल्द ही निशी झरणा चेकडैम के शाखा नहर की सफाई की जाएगी ताकी किसानों को फायदा हो सके. उन्होंने इसे संज्ञान में लेते हुए बीडीओ को शाखा नहर की साफ करने की दिशा में पहल करने की बात कही है. इस दौरान सुभाष सिंह, सोनाराम सोरेन, निर्मल चक्रवर्ती ,मुकेश मंडल, बबलू हुसैन ,सचिन सरकार, पंचायत अध्यक्ष रायसेन टुडू, विक्रम मुर्मू ,जोहरमल मुर्मू ,सुभाष पात्रो समेत अन्य उपस्थित थे.







