नागपुर : इंडस्ट्री ऑल इंडिया जेंडर एवं यूथ प्रोजेक्ट (2026–2028) की यहां 13 व 14 जुलाई को दो दिवसीय प्लानिंग एंड कंसल्टेशन मीटिंग आयोजित हुई. बैठक का उद्देश्य भारत में ट्रेड यूनियन आंदोलन में महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी को सशक्त बनाना, नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा आगामी वर्षों की कार्ययोजना तैयार करना था. इस अहम बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय फेडरेशनों के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया. इनमें रघुनाथ पांडेय, संजय कुमार सिंह, एसक्यू जमा, वीआर जगन्नाथन एवं संजय वाधवकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. इंडियन नेशनल स्टील, मेटल, मेटलमाइंस एंड इंजीनियरिंग एम्प्लॉईज फेडरेशन की ओर से महासचिव रघुनाथ पांडेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बैठक में हिस्सा लिया. प्रतिनिधिमंडल में संजू महतो, सुवांशु पांडेय तथा पवन कुमार गुप्ता शामिल रहे. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में इंडस्ट्री ऑल साउथ एसिया रीजनल ऑफिस की ओर से आशुतोष भट्टाचार्य, बालासुब्रमण्यम, सुश्री थिलगम तथा अनीशा मारिया राजू ने सहभागिता की तथा प्रोजेक्ट के उद्देश्यों, रणनीति एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार के साथ चर्चा की. बैठक के दौरान जेंडर समानता, युवा नेतृत्व विकास, संगठन विस्तार, क्षमता निर्माण, अभियान संचालन तथा विभिन्न फेडरेशनों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. साथ ही, वर्ष 2026–2028 के लिए साझा कार्ययोजना तैयार करने पर भी सहमति बनी. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि महिलाओं एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए ट्रेड यूनियन आंदोलन को और अधिक मजबूत, समावेशी एवं प्रभावी बनाया जाएगा तथा देश भर में संगठित प्रयासों के माध्यम से श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए संयुक्त रूप से कार्य किया जाएगा.








