नयी दिल्ली,रांची: झारखंड से राज्यसभा सांसद चुने गए परिमल नाथवाणी ने गुरुवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली. शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए इसे गौरवपूर्ण क्षण बताया. उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद के रूप में चौथी बार और झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए तीसरी बार शपथ लेना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी और सम्मान की बात है. शपथ के बाद परिमल नाथवानी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह जनादेश झारखंड में ग्रामीण बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और कौशल विकास को और मजबूत करने की उनकी प्रतिबद्धता को मजबूती देता है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि वह राज्य के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करते रहेंगे. साथ ही उन्होंने एनडीए नेतृत्व और झारखंड की जनता के प्रति आभार भी व्यक्त किया.गौरतलब है कि 18 जून को हुए राज्यसभा चुनाव में परिमल नाथवानी ने जीत हासिल की थी. चुनाव में उन्हें कुल 30 वोट मिले थे, हालांकि इनमें से दो मत रद्द हो गए थे. इसके बावजूद उन्होंने आवश्यक समर्थन हासिल कर राज्यसभा की सीट अपने नाम की. उनकी जीत के बाद एनडीए खेमे में उत्साह का माहौल देखा गया था.परिमल नाथवानी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के अंत में जोहार झारखंड लिखते हुए राज्य के लोगों के प्रति अपना जुड़ाव भी जाहिर किया. उन्होंने कहा कि झारखंड उनकी कर्मभूमि है और राज्य के विकास तथा लोगों की बेहतरी के लिए वह आगे भी लगातार प्रयास करते रहेंगे.







