जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थानांतर्गत रोड नंबर 16 स्थित विशाल मेगामार्ट के सामने गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे से अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना में एक स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरायकेला जिले के दो नाबालिग लड़के स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर वहां से गुजर रहे थे. इसी दौरान एक ब्लिंकिट कर्मचारी अपनी स्कूटी मोड़ रहा था, जबकि एक कार चालक भी वाहन घुमाने का प्रयास कर रहा था. बताया जा रहा है कि बाइक सवारों ने कार और स्कूटी के बीच से निकलने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनकी बाइक स्कूटी से टकरा गई. (नीचे भी पढ़ें)

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल दोनों बाइक सवार नाबालिग बताए जा रहे हैं. पुलिस दुर्घटना के कारणों और सभी पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है.






