जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर के परिसर में बाबा लक्ष्मीनाथ आरोग्य संस्थान का उदघाटन मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने दीप प्रज्वलित कर एवं ओपीडी भवन का फीता काटकर किया. इस अवसर पर जमशेदपुर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ उमेश खान, डॉक्टर नकुल चौधरी, जमशेदपुर सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर, टेल्को कंपनी के पूर्व प्रबंधक चंदेश्वर खान एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विजय खान, समाजसेवी शिव शंकर सिंह उपस्थित थे. उदघाटन समारोह में विधायक सरयू राय द्वारा परमहंस लक्ष्मीनाथ मंदिर समिति की इस सेवा को शुरू करने की भूरि भूरि प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि एक धार्मिक संस्था अगर स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने का संकल्प ले तो निश्चित समाज में अध्यात्म के साथ स्वास्थ्य का जुड़ाव समाज में एक उदाहरण प्रस्तुत करेगा. (नीचे भी पढे)

उन्होंने अपने संबोधन में उन चिकित्सकों को महान बताया जो नि:स्वार्थ भाव से ऐसे परिसर में आकर निशुल्क अपनी सेवा देंगे. उन्होंने कहा कि वैसे भी भगवान के बाद डॉक्टर का ही स्थान होता है और वह डॉक्टर अगर भगवान मंदिर परिसर में आकर अपनी सेवा दे तो यह सबसे महान कार्य है. इस अवसर पर सभी अतिथियों ने समिति की प्रशंसा की और डॉक्टर के सहयोग के लिए उन्होंने समाज के प्रति योगदान के लिए आभार जताया. उदघाटन समारोह में स्वागत भाषण अध्यक्ष मानस कुमार मिश्रा ने दिया और उन्होंने विस्तारपूर्वक इस संस्था के कार्यक्रम के बारे में बताया. संचालन महासचिव चंद्रशेखर झा ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने किया. इस अवसर पर सरोज मिश्रा, डॉ त्रिपुरा झा, अमोल कुमार मिश्रा, मिथिला संस्कृति परिषद के अध्यक्ष मोहन ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष ललन चौधरी समेत अन्य लोग मौजूद थे.






