जमशेदपुर : नशे के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने और नशा मुक्त भारत के निर्माण के संकल्प के साथ कार्य कर रही अस्तित्व फाउंडेशन ने आज एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया. इस अवसर पर देशभर में “वायरल बॉय” के नाम से चर्चित धूम को आधिकारिक रूप से नशा मुक्त घोषित किया गया. अस्तित्व फाउंडेशन के संस्थापक सौरव तिवारी ने बताया कि धूम गंभीर रूप से नशे की गिरफ्त में था. उसे 15 दिसंबर को अस्तित्व फाउंडेशन द्वारा नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था. लगातार उपचार, परामर्श और पुनर्वास की प्रक्रिया के बाद आज उसका इलाज सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है. इस उपलब्धि पर धूम को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उसे पूर्ण रूप से नशा मुक्त घोषित किया गया. कार्यक्रम में धूम के साथ 5 अन्य युवा शाहरुख आलम, सुबहान अंसारी, अंशुमन सिंह, राजीव मिश्रा और रोहन मुखी को भी नशा मुक्त घोषित किया गया. फाउंडेशन ने घोषणा की कि ये सभी युवा अब समाज में नशा विरोधी अभियान चलाने, युवाओं को जागरूक करने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे. (नीचे भी पढ़े)
इस अवसर पर सौरव तिवारी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है. नशे के कारण अपराध, चोरी, लूट, घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटनाएं, बेरोजगारी, मानसिक तनाव और पारिवारिक विघटन जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो जाता है और समाज की विकास यात्रा प्रभावित होती है. देशभर में नशा मुक्ति और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाया जा सके. फाउंडेशन के सह-संस्थापक प्रतीक सिंह ने कहा कि नशे से बाहर निकलना संभव है, बशर्ते व्यक्ति और उसका परिवार दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ उपचार और परामर्श की प्रक्रिया में शामिल हो. उन्होंने समाज से अपील की कि नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को तिरस्कार नहीं, बल्कि सहयोग और सही मार्गदर्शन दिया जाए. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया तथा युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ने का आह्वान किया. अस्तित्व फाउंडेशन के द्वारा एंटी ड्रग डे के अवसर पर पूरे जमशेदपुर में बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है जिसमे केवल वैसे लोग शामिल होंगे जो पहले नशा करते थे पर अब नशा मुक्त हो चुके है और समाज में संदेश देने का प्रयास करेंगे अगर इंसान चाहे तो नशा से दूर हो सकता हैं कोई भी नशा इंसान के संकल्प से बड़ा नही होता हैं .







