पटना : भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा गठित जांच टीम ने पटना में भाजपा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज की जांच शुरू कर दी है. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने पटना में डाक बंगला चौराहा पहुंच कर घटना स्थल का भी जायजा लिया एवं घटना से जुड़े पार्टी के नेताओं से मुलाकात कर उनसे भी जानकारी ली. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि बिहार की राजधानी पटना में भाजपा के नेता-कार्यकर्ताओं पर पुलिस के लाठीचार्ज का मामला अभी शांत नहीं हुआ है. भाजपा ने बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के इस्तीफे की मांग को लेकर गांधी मैदान से विधानसभा तक विरोध मार्च का ऐलान किया था. लेकिन पुलिस ने विरोध मार्च को पटना के डाकबंगला चौराहे पर रोक दिया एवं आंदोलित बीजेपी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने वहां जमकर लाठी चार्ज भी किया, जिसमें बीजेपी के 40 से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए. वहीं जहानाबाद के पार्टी नेता विजय सिंह की मौत हो गई थी. भाजपा के केंद्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस मामले की जांच के लिए रघुवर दास के नेतृत्व में चार सदस्यीय समिति गठित की है.(नीचे भी पढ़ें)
जांच समिति के सदस्य मामले की जांच करने के लिए शनिवार को पटना पहुंचे. समिति के चारों सदस्यों ने पटना के डाकबंगला चौराहे पर जाकर स्थिति का जायजा लिया एवं उस स्थिति को समझने की कोशिश की जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस को लाठी चार्ज करने का फैसला लेना पड़ा.(नीचे भी पढ़ें)
जांच टीम ने आइजीआइएमएस पहुंचकर लाठीचार्ज में घायल सांसद जर्नादन सिग्रीवाल से मिलकर उनका हाल भी जाना. टीम में शामिल सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि ऐसी क्या परिस्थिति आ गई कि पार्टी कार्यकर्ताओं को बर्बरतापूर्वक पीटा गया. जांच टीम ने पार्टी के अन्य कई नेताओं-कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की. टीम पूरे मामले की जांच के पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी.



