
मुसाबनी: विधायक रामदास सोरेन ने झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ मुसाबनी के सूरदा क्रॉसिंग के पास निर्माणाधीन कस्तुरबा आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पाया कि बिजली विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर लगा हुआ है और मीटर में कनेक्शन भी दिया गया है परंतु भवन में वायरिंग का कार्य नहीं होने के कारण बिजली विद्यालय को नहीं मिल रही है.उन्होंने ठेकेदार को सप्ताह भर में बिजली वायरिंग कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है.विधायक रामदास सोरेन शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों से दूरभाष से बात कर भवन निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है. सोमवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विधायक रामदास सोरेन ने कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय के मामले को गंभीरता से उठाया था और विद्यालय निर्माण कार्य को जल्द पूर्ण कर इसमें जल्द पढ़ाई शुरू कराने की मांग की थी.विदित हो कि मुसाबनी के सुरदा क्रॉसिंग के समीप विगत 14 वर्षों से निर्माणाधीन कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी मुंह चिढ़ा रहा है.प्रखंड का एकमात्र कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय का संचालन राखा माइन्स कॉलोनी में एचसीएल के जर्जर भवन में चल रही है. प्रखंड की गरीब छात्राएं मजबूरी में यहां शिक्षा ग्रहण कर रही हैं. मौके पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष बाघराय मार्डी, केंद्रीय सदस्य कान्हु सामंत, केंद्रीय सदस्य वीर सिंह सुरेन, गौरांग माहली,प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन, सुनाराम सोरेन, प्रखंड सचिव सोमाय सोरेन ,कोषाध्यक्ष साधु हेम्ब्रम,विक्रम बेसरा समेत अन्य उपस्थित थे.







