
रांची : रांची के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ वैद्यनाथ शरण सिन्हा का बुधवार को निधन हो गया। वह पिछले लगभग एक माह से मेडिका में आईसीयू में भर्ती थे। वह कोरोना से संक्रमित थे। आज दोपहर करीब दो बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। डा. बीएस सिन्हा मृदुभाषी, मिलनसार व गरीबों का मुफ्त में इलाज करनेवाले एक मशहूर चिकित्सक थे। उनके असामयिक निधन की खबर से राँची के चिकित्सक समाज में शोक की लहर है। वे मुख्यमंत्री व राज्यपाल के निजी चिकित्सक के पद से दो साल पहले रिटायर हुए थे। उनका निजी अस्पताल वरदान हास्पिटल के नाम से भी है। उनकी पत्नी डा. नीलम सिन्हा, स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। स्व डॉ सिन्हा के पुत्र विवेक सिन्हा एम्स, पटना में डॉक्टर हैं। उनकी पुत्रवधु भी स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं व रांची स्थित अरगोड़ा के एक बडे निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। डा. बीएस सिन्हा की बड़ी बेटी डॉ नम्रता सिन्हा नेत्र रोग विशेषज्ञ व रांची रातू रोड स्थित शरण पैथोलाजी चलाती हैं। उनके पति डॉ उज्जवल सिन्हा भी रांची में ही चिकित्सक हैं। एक अन्य पुत्री नोयडा (यूपी) में डेंटल सर्जन हैं, जो वहीं अपना निजी क्लीनिक चलाती हैं। डॉ बीएस सिन्हा लगभग 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत पलामूवासी राज आलोक सिन्हा के अपने मामा थे। डॉ बीएस सिन्हा कई गरीब मरीजों के असाध्य रोग का इलाज अपने घर पर रखकर अपने खर्च से दवा आदि मंगवाकर करते थे। उनके इलाज से वह मरीज बिल्कुल स्वस्थ होकर जाता था। ऐसे लोग उनके असामयिक निधन से हतप्रभ व शोकाकुल हैं। वहीं उनके निधन पर रांची के चिकित्सक समाज ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति व दु:ख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार को सहनशक्ति प्रदान करने की कामना की है.






