रांची : पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत स्वयंसेवी संस्था युगान्तर भारती की वार्षिक आमसभा रविवार को नामकुम के सिदरौल में संपन्न हुई. आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो रमेश पांडेय ने देश में पर्यावरण की स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए देश में असामान्य हो रहे मौसम एवं उससे किसानों को होनेवाली परेशानी को इसी का परिणाम बताया है. स्वयंसेवी संस्था युगांतर भारती की वार्षिक आमसभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदूषण के लिए पढ़े-लिखे लोगों को ज्यादा जिम्मेवार ठहराते हुए ऐसे लोगों की आदतों में सुधार की जरूरत बताई, तभी प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)

संस्था की आमसभा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दामोदर बचाओ आंदोलन के प्रणेता सह जमशेदपुर पूर्व के विधायक सरयू राय ने संस्था को दामोदर व स्वर्णरेखा सहित राज्य की अनेक नदियों को प्रदूषण मुक्त कराने के लिए चले अभियानों में अब तक मिली यत्किंचित सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि यह जनता में आ रही जागरूकता एवं जन सहयोग से ही संभव हुआ है. उन्होंने नगरीय प्रदूषण को नदियों के प्रदूषण के लिए सबसे बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो जैसे शहरों की बड़ी-बड़ी हाउसिंग सोसायटियों, अपार्टमेंटों एवं पॉश कॉलोनियों का सिवरेज नालों के जरिये सीधे नदियों में गिरने की याद दिलाई, जिससे नदियों का जल प्रदूषित होता. उन्होंने कंस्ट्रक्शन एवं उत्पादों के इको फ्रैंडली होने की जरूरत बताते हुए नगर निकायों द्वारा बड़ी इमारतों के कारण जल क्षेत्रों के हो रहे अतिक्रमण पर बिना भेदभाव के कार्रवाई किये जाने एवं नदी नालों से हर हाल में अतिक्रमण हटाये जाने की जरूरत बताई. उन्होंने कहा कि आज विभिन्न माध्यमों से मिल रही जानकारियों के कारण आम लोग भी जागरूक हो रहे हैं, किन्तु हमें मेधावी मस्तिष्क के धनी एवं शीर्ष पदों पर बैठे एवं नीति निर्माताओं को जागरूक करने की जरूरत बताई. बैठक में आगामी 21 फरवरी से 3 मार्च, 2023 तक रांची के मोरहाबादी मैदान में द्वितीय पर्यावरण मेला आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसके लिए डॉ एमके जमुआर को संयोजक बनाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

संस्था की अध्यक्षा मधु जी ने झारखण्ड स्थापना के बाद से राज्य के प्राकृतिक संसाधनों, जल एवं जलाशयों के संरक्षण एवं संवर्धन में युगांतर भारती अहम भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि वह सारंडा क्षेत्र में वनों की अवैध कटाई एवं अवैध खनन का मामला रहा हो या फिर दामोदर, स्वर्णरेखा, खरकई एवं हरमू नदी में व्याप्त औद्योगिक एवं नगरीय प्रदूषण का मामला रहा हो, पर्यावरण संबंधी सभी क्रिया कलापों में युगांतर भारती ने अहम योगदान किया है और संबंधित विभागों का समय-समय पर सहयोग करते हुए उन्हें जमीनी हकीकत से रूबरू भी कराया है. (नीचे भी पढ़ें)

वार्षिक आमसभा की बैठक में दामोदर बचाओ आंदोलन के संयोजक प्रवीण सिंह, रांची विश्वविद्यालय के डॉ ज्योति प्रकाश, नेचर फाउंडेशन के निरंजन कुमार सिंह, एसएन सिन्हा, इंस्टिच्यूट के सुधीर कुमार, स्वर्णरेखा मुक्ति अभियान के संयोजक तापेश्वर केशरी, स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के आशुतोष राय, सुरेन्द्र सिन्हा, डॉ प्रह्लाद वर्णवाल, धर्मेंन्द्र तिवारी, गोविंद मेवाड़, बालकृष्णा सिंह, आनन्द झा, अरुण राय, उदय सिंह, मुकेश पाण्डेय, संजीव कुमार, मुकेश कुमार, पवन कुमार, विजय कुमार, पुष्पा टोपनो, माधुरी सिन्हा, मुकेश सिंह, धीरेन महतो आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे.












