जमशेदपुर : झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम की एक आवश्यक बैठक हरिजन मध्य विद्यालय भालुबासा, जमशेदपुर में जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में सर्वसम्मति से कई निर्णायक निर्णय लिए गए. बैठक में लिये गये निर्णयों के अनुसार आकस्मिक अवकाश डीईओ या डीएससी से मंजूर कराने, विद्यालय कार्यावधि सुबह 8.45 से शाम 4:00 तक होना दोनों आदेश को बताया गया कि यह न्याय संगत नहीं है. बहरागोड़ा, डुमरिया में पदस्थापित शिक्षक जमशेदपुर स्थित डीईओ/डीएसई कार्यालय से अपना आकस्मिक अवकाश कैसे लेंगे. पूर्व से शिक्षक को कैसे ज्ञात होगा कि अमुक तिथि को हम बीमार होंगे. वहीं झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला इकाई का चुनाव एवं वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह आगामी 8 जनवरी को आदिवासी एसोसिएशन हॉल सीतारामडेरा में आयोजित करने पर सहमति बनी. पूर्वी सिंहभूम जिले के सरकारी स्कूलों में कुछ शिक्षकों द्वारा छात्र संग गलत बर्ताव किए जाने की संघ ने कड़ी निंदा की तथा सभी अंचल के पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंड में जाकर शिक्षकों की काउंसलिंग करने को कहा गया. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में कहा गया कि गरीब ,अशिक्षित, निरक्षर राज्य की जनता के बहुसंख्यक बच्चों को पढ़ाने का दायित्व सरकारी शिक्षकों पर है, अतः उन्हें सिर्फ पढ़ाने दिया जाए. बीएलओ जैसे अन्य गैर शैक्षणिक कार्य के कारण वेतन बंद कर मानसिक एवं बौद्धिक रूप से प्रताड़ित किए जाने पर संघ ने विरोध जताया. प्राथमिक ,मध्य ,उत्क्रमित उच्च विद्यालय एवं उच्च विद्यालयों के लिए एक ही समान अवकाश तालिका तैयार करने की मांग की गयी. कहा गया कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में पड़नेवाले विद्यालयों में टैब से उपस्थिति बनाने में कठिनाई होती है ऐसे क्षेत्र के विद्यालयों के शिक्षकों को पूर्व की भांति मैनुअल हाजिरी बनाने का आदेश निर्गत की जाए. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में कहा गया कि एक शिक्षकीय विद्यालयों में अविलंब शिक्षकों का प्रतिनियोजन किया जाय. ग्रेड 4 व ग्रेड 7 में रिक्त पड़े पदों पर अविलंब प्रोन्नति देते हुए वाणिज्य संकाय वाले शिक्षकों को भी ग्रेड 4 पद पर प्रोन्नत किया जाए. अंतर जिला स्थानांतरण एवं जिला में शिक्षकों के लिए स्थानांतरण के लिए सुलभ नियमावली बनाकर स्थानांतरण चाहने वाले शिक्षकों का स्थानांतरण किया जाए. बैठक में कहा गया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए उक्त समस्याओं का समाधान अविलंब किया जाए.बैठक में अरुण कुमार ,प्रीतम सोरेन, रमाकांत शुक्ला, टीप्रु तीयु, स्वपन मुंडा,डॉ समीर कुमार, श्यामल मंडल, अनुपम भगत, राजेंद्र कुमार करण, शिवाजी सिंह, बागुन पातर, शैलेंद्र नाथ महतो, जीत राय सोरेन, किशोर कुमार महंती, सुनील कुमार मुर्मू, ज्ञानरंजन सोंय, अमिया दत्ता, खुदीराम महाली, गोपाल, गोपाल कृष्ण साव, बबन ओझा, बृजेश कुमार, निर्मल चंद्र धल, ननि गोपाल हेंब्रम, सिंगराय किस्कू, ओमप्रकाश चौबे, बलराम प्रसाद, जय कृष्ण झा, उदय कांत झा, अरविंद कुल्ला, रास बिहारी सिंह, सुजीत कुमार मिश्रा, राकेश कुमार, संतोष शर्मा, राजेश कुमार सिन्हा, चंद्रभाल झा, चंद्र बदन सिंह, सुजीत कुमार खां समेत कई शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित थे.




