
जमशेदपुर : भारतरत्न जेआरडी टाटा को उनकी 116वीं जयंती पर शहरवासियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में जेमीपोल के सहयोग से रेड क्रॉस द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में की ओर से 52 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर स्व जेआरडी टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर प्रातः कोरोना वायरस संक्रमण काल में सावधानी रखते हुए जेमीपोल के प्रबंध निदेशक पीएस रेड्डी तथा जेमीपोल की टीम ने शिविर का ऑनलाईन उद्घाटन किया, जिसकी विधिवत औपचारिकता रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, वाईस पेट्रन दीपक मित्रा, शान्ता अधिकारी, डॉ निर्जला, समीर घोष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर पूरी की. इस अवसर पर अपनी शुभकामना देते हुए जेमीपोल के प्रबंध निदेशक पीएस रेड्डी ने कहा कि वर्तमान समय में क्वालिटी वर्क करने का समय है, ऐसे समय में रक्तदान करने वाले रक्तदाता अपनी सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं, उन्होने रक्तदाताओं को अपनी शुभकामना दी और आशा व्यक्त की कि रक्तदान से रक्त की कमी को दूर किया जा सकेगा. सामुदायिक सेवा कार्यों को महत्ता प्रदान करने वाले जेआरडी टाटा की जयंती पर रक्तदाताओं ने रक्तदान किया. इस अवसर पर रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एक टी शर्ट, मास्क तथा सैनिटाईजर प्रदान किया गया. रेड क्रॉस सोसाइटी शहर के स्वस्थ युवाओं से आग्रह करती है कि वे नियमित अन्तराल पर रक्तदान कर अपने शहर को रक्त की कमी से बचायें, ताकि उनके शहर का नाम रक्तदान जागरुकता के मामले में बरकरार रहे. शिविर में रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, समाजसेवी चन्द्रमोहन सिंह, राकेश मिश्र, सत्यनारायण अग्रवाल, अनूपम सिन्हा एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.







