
राष्ट्रीय जानता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौतम सागर राणा आज जमशेदपुर पहुंचे। कोल्हान स्तरीय इस कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। इधर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सरायकेला- खरसावां जिलाध्यक्ष के रूप में फुलेश्वर साहू और जमशेदपुर जिलाध्यक्ष के रूप में रंजीत कुमार सिंह को कमान सौंपी। मीडिया से बात करते हुए गौतम सागर राणा ने आगामी 8 सितंबर को राजधानी रांची में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पहले बैठक में बड़ा फैसला लेने की बात कहीं। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव सर पर है और हमारी पार्टी अभी नई है फिर भी हम विधानसभा चुनाव में मजबूत दावेदारी पेश करेंगे। उन्होंने बताया कि इतने कम समय में काफी संख्या में लोग पार्टी और पार्टी की विचारधारा के साथ जुड़ रहे हैं, यह बड़ी बात है। हालांकि श्री राणा ने इशारों इशारों में इतना जरूर कहा कि हमारी पार्टी भले ही नई है। लेकिन राजनीति के हम खिलाड़ी पुराने हैं। मजबूत लोकतंत्र में हम अपनी भूमिका को अच्छी तरह से समझते हैं। भय भूख भ्रष्टाचार और गरीबी के नाम पर किसी तरह का समझौता हमारी पार्टी नहीं करेगी। हम आंदोलन से उपजे नेता है। आंदोलन हमारी पहचान है और आंदोलन के बल पर ही हम झारखंड में भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इस दौरान पार्टी संसदीय बोर्ड की अध्यक्ष शारदा देवी ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में जुट जाने की बात कहते हुए पार्टी के जनाधार को बढ़ाने की बात कही।






