सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र के कालाडूंगरी के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान चांडिल प्रखंड के बंसा गांव निवासी गनत लोहार के पुत्र वैद्यनाथ लोहार के रूप में की गयी है. घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. प्राप्त जानकारी के अनुसार वैद्यनाथ अपने एक दोस्त को छोड़ने के लिए कालाडूंगरी क्षेत्र आया था. बताया जाता है कि उसका दोस्त शुक्रवार सुबह बंसा गांव से उससे मिलने आया था और शाम के समय वैद्यनाथ उसे उसके गांव छोड़ने के लिए निकला था. दोस्त को सुरक्षित छोड़ने के बाद जब वैद्यनाथ बाइक से अपने घर लौट रहा था, तभी घाघी के समीप पुलिया के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गयी. तेज रफ्तार होने के कारण बाइक सीधे पुलिया से नीचे जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि वैद्यनाथ की मौके पर ही मौत हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)
रात होने के कारण घटना की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी. शनिवार सुबह जब कुछ ग्रामीण पुलिया की ओर गए, तो नीचे गिरी बाइक और युवक का शव देखकर वे सन्न रह गए. इसके बाद तत्काल सरायकेला थाना पुलिस को सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया गया. पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस हादसे से पूरे बंसा गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है.




